कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री Aarti Singh Rao ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही बुजुर्गों के लिए ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों के लिए ‘संजीवनी योग (SanYog)’ कार्यक्रम भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, निवारक और समग्र बनाया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (AYUSH) में अब हर गुरुवार वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बुजुर्गों की नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन शिविरों की पारदर्शी मॉनिटरिंग और डेटा प्रबंधन के लिए ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही लॉन्च किया जाएगा। इस पोर्टल का उद्देश्य राज्यभर के वरिष्ठ नागरिकों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ‘संजीवनी योग (SanYog)’ कार्यक्रम की शुरुआत भी करेगा। इसके तहत जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) में आने वाले ओपीडी मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए योग सत्र, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयुष चिकित्सक और योग सहायक मरीजों को तनाव कम करने और स्वास्थ्य सुधार के उपाय भी बताएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में भर्ती आईपीडी मरीजों को डॉक्टरों की सलाह के अनुसार विशेष योग थेरेपी और लाइफस्टाइल काउंसिलिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आधुनिक चिकित्सा और योग के इस समन्वय से हरियाणा को स्वस्थ और निरोगी प्रदेश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। सरकार ने दोनों योजनाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और जल्द ही इनका आधिकारिक शुभारंभ किया जाएगा।

