चंडीगढ़। रक्षाबंधन के मौके पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के साथ सफर करने वाले 15 साल तक के बच्चों को भी बस किराया नहीं देना होगा। यह सुविधा कुल 36 घंटे के लिए लागू रहेगी।

राज्य परिवहन निदेशक कार्यालय ने इस संबंध में प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के मुताबिक, मुफ्त यात्रा की सुविधा 27 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और 28 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी।

हरियाणा के साथ दिल्ली और चंडीगढ़ तक भी सुविधा

मुफ्त बस यात्रा की सुविधा हरियाणा राज्य के भीतर चलने वाली साधारण बसों में मिलेगी। इसके अलावा हरियाणा से चंडीगढ़ और दिल्ली आने-जाने वाली साधारण बसों में भी महिलाएं और उनके साथ सफर करने वाले 15 साल तक के बच्चे बिना किराया यात्रा कर सकेंगे।

सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने मायके जाने वाली महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। परिवहन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश के अनुसार सुविधा लागू करने के निर्देश दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m