हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ग्रुप-डी भर्ती में हिसार मंडल के 59 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द कर दी गई है। पूर्व सैनिक कोटे का प्रमाण पत्र प्रस्तुत न कर पाने के कारण इन्हें तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

फतेहाबाद। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की Group-D भर्ती में हिसार मंडल के पांच जिलों के 59 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द कर दी गई है। ये अभ्यर्थी पूर्व सैनिक कोटे के तहत चयनित होकर उपायुक्त कार्यालयों में अस्थायी रूप से कार्यरत थे, लेकिन पूर्व सैनिक कोटे का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। अब इन्हें तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

हिसार मंडलायुक्त ने हिसार, सिरसा, जींद, फतेहाबाद और हांसी के उपायुक्तों को पत्र जारी कर विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत चयनित ऐसे कर्मचारियों को सेवामुक्त करने के निर्देश दिए हैं, जो पूर्व सैनिक कोटे के तहत नौकरी पर लगे थे, लेकिन अपनी पात्रता का प्रमाण नहीं दे पाए।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के 25 अप्रैल 2025 के पत्र के आधार पर इन अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द करने की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद 30 जनवरी 2026 को संबंधित अभ्यर्थियों को मंडल आयुक्तों के माध्यम से नोटिस जारी किए गए थे।

अभ्यर्थियों से प्राप्त जवाब और भर्ती नियमों की समीक्षा के बाद सरकार ने इनकी उम्मीदवारी रद्द करने और सेवामुक्त करने का निर्णय लिया। मानव संसाधन विभाग ने संबंधित अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द करने के आदेश उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेज दिए हैं। इसके अलावा पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर SMS के जरिए भी सूचना दी गई है।

इन आदेशों के बाद हिसार मंडल के अंतर्गत आने वाले हिसार, सिरसा, जींद, फतेहाबाद और हांसी जिलों के उपायुक्त कार्यालयों में अस्थायी रूप से कार्यरत 59 अभ्यर्थियों की सेवाएं समाप्त की जाएंगी।