हरियाणा सरकार ने चिकित्सा संकट में फंसे मरीजों को त्वरित एयरलिफ्ट की सुविधा देने के उद्देश्य से प्रदेश में हेली एंबुलेंस नेटवर्क के विस्तार की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक के मेडिकल कॉलेजों के समीप बने हेलीपैडों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एयर एंबुलेंस नेटवर्क का विस्तार करने का बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के प्रमुख शहरों- फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक में स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेजों के आसपास बने हेलीपैडों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर अपग्रेड किया जाएगा। इससे गंभीर स्थिति वाले मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा संस्थानों तक एयरलिफ्ट करना आसान हो जाएगा।

इस विषय पर हरियाणा एयरपोर्ट्स डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड (HADCL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आठवीं बोर्ड बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता राज्य के नागरिक उड्डयन मंत्री तथा निगम के अध्यक्ष विपुल गोयल ने की।

बोर्ड बैठक में कई फैसले

बैठक के दौरान नागरिक उड्डयन ढांचे के सुदृढ़ीकरण, हेली एंबुलेंस नेटवर्क के विस्तार, वित्तीय प्रबंधन तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने से संबंधित कई प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।

कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि संकट के समय मरीजों को समय पर हवाई एंबुलेंस सेवा मिल सके।

समय पर काम पूरा करने के निर्देश

नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि राज्य में चल रही सभी उड्डयन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय एयर इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण से न केवल चिकित्सा आपात सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश, व्यापार और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य

विपुल गोयल ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार नागरिक उड्डयन क्षेत्र के सर्वगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हवाई संपर्क बेहतर होने से रोजगार के नए अवसर निर्मित होंगे।

सरकार का प्राथमिक उद्देश्य इंफ्रास्ट्रक्चर का निरंतर विस्तार कर हरियाणा को नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।