झज्जर में एक युवक की कार पर 20 से अधिक गोलियां चलाकर की गई हत्या के बाद कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने राज्य की नायब सिंह सैनी सरकार पर निशाना साधा है और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया है
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। झज्जर में दिनदहाड़े एक युवक की कार पर 20 से अधिक गोलियां चलाकर हत्या किए जाने की घटना ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी घटना को आधार बनाते हुए कांग्रेस ने राज्य की BJP सरकार पर बड़ा हमला बोला है और प्रदेश में अपराधियों के बढ़ते हौसलों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बयान जारी कर कहा कि “मुख्यमंत्री हैं नायब, गैंगस्टरों के दिल से पुलिस का डर है गायब”। उन्होंने आरोप लगाया कि झज्जर में सरेआम एक युवक की कार पर 20 से ज्यादा गोलियां चलाकर हत्या कर देना हरियाणा की बदहाल कानून-व्यवस्था का जीता-जागता उदाहरण है। उनके मुताबिक प्रदेश में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, जबकि आम लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज पूरे हरियाणा में “जंगलराज और फिरौतीराज” का माहौल बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गैंगस्टरों का डर बढ़ता जा रहा है और फिरौती, गोलीबारी व हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि BJP सरकार आमजन को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
कांग्रेस सांसद ने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों के मन में कानून और पुलिस का डर खत्म हो जाए, तो यह किसी भी सरकार की सबसे बड़ी विफलता मानी जाती है।

