कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में बढ़ती रंगदारी और फिरौती की घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने करनाल जिले का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

चंडीगढ़। हरियाणा में बढ़ती रंगदारी, फिरौती और अपराध की घटनाओं को लेकर कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आम लोग और कारोबारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे।

सुरजेवाला ने कहा कि करनाल जिले के एक कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। आरोपियों ने कारोबारी के बेटे की रेकी करने का दावा करते हुए रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना बताती है कि प्रदेश में अपराधियों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जिस करनाल जिले ने भाजपा को दो-दो मुख्यमंत्री दिए और जहां से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्तमान में केंद्रीय मंत्री हैं, उसी जिले में अपराधी बेखौफ होकर रंगदारी और धमकियों की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां सरकार नहीं बल्कि गुंडों और गैंगों की मनमर्जी चल रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि पिछले 26 महीनों में अकेले करनाल जिले में फायरिंग और रंगदारी की 21 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं बीते छह महीनों में चार बड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 4 जनवरी को नई अनाज मंडी के आढ़ती एवं प्रधान सुरेंद्र त्यागी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। 2 मई को हरिसिंहपुरा गांव के मिट्टी कारोबारी प्रदीप को परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई। 26 जून को असंध स्थित अग्रवाल मिष्ठान भंडार के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई, जबकि 29 जून को मोहन स्वीट्स के संचालक के छोटे भाई को दो करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ करनाल की स्थिति नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा में गुंडों, माफियाओं और अपराधी गैंगों का आतंक बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय जवाबदेही से बच रहे हैं, जबकि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।