हरियाणा प्रांतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कैथल में संगठन सृजन अभियान के तहत भाजपा सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है।
राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा कैथल जिले में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत ‘नारी वंदन अधिनियम लागू करो’ ऐतिहासिक हस्ताक्षर अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की कर्मठ अध्यक्ष पर्ल चौधरी का स्थानीय महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं गगनभेदी नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस राजनीतिक कार्यक्रम में प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर की तमाम महिला कांग्रेस पदाधिकारियों सहित विभिन्न ग्रामीण अंचलों से आई सैकड़ों महिलाओं ने बड़े उत्साहपूर्वक भाग लिया और वर्तमान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।
सरकार पर लगाया विश्वासघात का आरोप
अपने मुख्य अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार ने संसद में केवल चर्चा बटोरने के लिए नारी वंदन अधिनियम पारित किया था। उन्होंने देश और प्रदेश की आधी आबादी को बड़े-बड़े सपने तो दिखाए, लेकिन आज तक इस कानून को धरातल पर पूरी तरह से लागू नहीं किया, जो कि महिलाओं के साथ सीधा विश्वासघात है। पर्ल चौधरी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला सशक्तिकरण के प्रति रत्तीभर भी गंभीर होती, तो देश की महिलाओं को अब तक लोकसभा और देश की विभिन्न विधानसभाओं में सीधे तौर पर 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल चुका होता।
महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैथल विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार चरम पर है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों ने हर आम परिवार और महिलाओं की रसोई का पूरा बजट बिगाड़ कर रख दिया है। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव प्रिग्या पाशा जैन, सीमा हुड्डा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर और जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशीला शर्मा सहित डॉ. सिमरन यादव, अन्नपूर्णा, रंजीत कौर और चित्रा राणा जैसी शीर्ष महिला नेत्रियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

