मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'विकसित हरियाणा 2047 चिंतन' पहल के तहत 'मेरी विकसित विधानसभा' अभियान शुरू कर विधायकों को अपने क्षेत्र का विजन चैंपियन बनाया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार ने ‘विकसित हरियाणा 2047 चिंतन’ पहल की शुरुआत की है। विधायकों के साथ आयोजित बैठक में हरियाणा की आगामी 20 वर्षों की विकास यात्रा का रोडमैप तैयार करने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान की थीम ‘मेरी विकसित विधानसभा’ रखी गई है। उनका कहना था कि विकसित हरियाणा का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इसी उद्देश्य से प्रत्येक विधायक को अपने क्षेत्र का ‘विजन चैंपियन’ बनाया जाएगा, जो स्थानीय समस्याओं, संभावनाओं और विकास की प्राथमिकताओं की पहचान करेगा।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित हरियाणा 2047 के तहत राज्य के लिए कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक तक पहुंचाना और प्रति व्यक्ति वार्षिक आय को 40 लाख रुपये से ऊपर ले जाना है। इसके साथ ही महिला श्रम भागीदारी दर को 45 प्रतिशत से अधिक तथा महिला साक्षरता दर को 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र की अपनी अलग पहचान, चुनौतियां और संभावनाएं हैं। इन्हीं विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रवार विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।
उन्होंने बताया कि जुलाई और अगस्त के दौरान सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान लोगों से सुझाव लिए जाएंगे और उन्हें विकसित हरियाणा 2047 के विजन से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनभागीदारी के माध्यम से भविष्य का ऐसा हरियाणा तैयार करना चाहती है जो समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य के रूप में देश के लिए मिसाल बने।

