हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में 10 लाख रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों को संस्कारित कर एक सर्वश्रेष्ठ नागरिक बनाती है।
अनिल शर्मा, अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि जितने भी सेवा के कार्य हैं, उन सब कार्यों में सबसे श्रेष्ठ शिक्षा देने का काम है। केवल जन्म लेने से कोई इंसान नहीं बन सकता, बल्कि सही शिक्षा ही उसे एक बेहतर इंसान बनाती है और समाज के कायदे-कानून से अवगत कराती है। ऊर्जा मंत्री शनिवार दोपहर बंगाली मोहल्ले में स्थित मुस्द्दी लाल आर्य कन्या उच्च विद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रबंधन को सहायता के रूप में 10 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की।
बच्चों को सर्वश्रेष्ठ नागरिक बनाएं शिक्षाविद
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि बच्चा कच्ची मिट्टी की तरह होता है और यह कुम्हार के हाथ में है कि वह उसे ढालकर क्या बनाएगा। इसी प्रकार शिक्षाविदों के हाथ में यह जिम्मेदारी है कि बच्चों को कैसी शिक्षा देकर क्या बनाया जाए। उनको इस प्रकार से शिक्षा दें कि वे देश के सर्वश्रेष्ठ नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि पहले के गुरुकुल और आज के स्कूल में बड़ा अंतर है। स्कूल में केवल अक्षरों का ज्ञान कराया जाता है, जबकि गुरुकुल में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को बेहतरीन संस्कार भी दिए जाते हैं।

देश की संस्कृति और अर्थव्यवस्था पर चर्चा
उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता विश्व की सबसे पुरानी सभ्यता है, जिसे बाहरी आक्रमणकारियों ने समय-समय पर लूटा और अपना प्रभाव डाला। इसी कारण आज भी 80 प्रतिशत बच्चे अपनी मां को मम्मी कहते हैं। उन्होंने पंक्तियां पढ़ते हुए कहा कि “यूं तो रहा है दुश्मन दौर-ए-जमां हमारा, कुछ तो है हस्ती मिटती नहीं हमारी।” विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश काफी आगे बढ़ गया है। जब वे प्रधानमंत्री बने तब अर्थव्यवस्था 14वें नंबर पर थी और आज हम विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।
कन्या शिक्षा को बताया सबसे बड़ा पुण्य
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लड़कियां समाज का मुख्य आधार हैं और उनको अच्छी शिक्षा देने से बड़ा कोई दूसरा पुण्य नहीं हो सकता। यह स्कूल बालिकाओं को शिक्षित कर बहुत ही सराहनीय और पुण्य का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने कई शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुति से यह साफ पता चलता है कि स्कूल प्रबंधन किस तरह पूरी लगन से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें तराशने का काम कर रहा है।

अंबाला छावनी में हुए ऐतिहासिक विकास कार्य
मंच से अपने विकास कार्यों की तारीफ पर विज ने कहा कि “मेरा मुझ में कुछ नहीं जो कुछ है सो तोए, तेरा तुझको सौंपते क्या लागे है मोए।” वे तो जनता के केवल एक चौकीदार हैं और सरकारी सहायता राशि जनता की ही अमानत है। उन्होंने कहा कि जनता की ताकत से ही अंबाला छावनी में चारों तरफ ढेरों विकास कार्य संभव हो सके हैं। अंबाला छावनी में देश का राष्ट्रीय स्तर का शहीद स्मारक बन रहा है, जिसका जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन कर सकते हैं। यह स्मारक 1857 की पहली आजादी की लड़ाई को समर्पित है।

