Haryana Mobile Food Testing Lab : चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए नई पहल शुरू की है। अब लोगों को दूध, मिठाई, मसाले, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए लैब जाने की जरूरत नहीं होगी। सरकार मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए घर और आसपास ही जांच की सुविधा उपलब्ध करा रही है। इसके लिए प्रति नमूना केवल 20 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाना और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। मोबाइल लैब बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, मेलों और विशेष जांच अभियानों के दौरान मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करेगी। आम नागरिक भी इस सुविधा का लाभ लेकर अपने उपयोग की खाद्य सामग्री की जांच करा सकेंगे।
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान और तेज कर दिया है। खासतौर पर तीज और रक्षाबंधन के अवसर पर बाजारों में बिकने वाले घेवर, फिरनी और अन्य मिठाइयों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है।
विभाग के अनुसार 6 जुलाई से 2 अगस्त के बीच प्रदेशभर से 122 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। अब तक जांचे गए 18 नमूनों में से 15 निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर सही पाए गए, जबकि 3 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। बाकी नमूनों की जांच जारी है।
सरकार का कहना है कि इस पहल से मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और लोगों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


