रोहतक। रोहतक जिले के करौंथा गांव में राष्ट्रीय स्तर की जूनियर नौकायन खिलाड़ी माया धनखड़ (15) की अभ्यास के दौरान तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद खेल जगत और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

परिजनों के अनुसार माया पिछले एक वर्ष से तैराकी और नौकायन का प्रशिक्षण ले रही थी। वह रोजाना सुबह-शाम गांव के बड़े तालाब में अभ्यास करती थी। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नौकायन अभ्यास के बाद वह लगभग 100 मीटर चौड़े तालाब को तैरकर पार करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान तालाब के बीच पहुंचने पर उसकी सांस फूलने लगी और वह पानी में डूबने लगी।

माया की आवाज सुनकर पास मौजूद लोगों ने दूसरी नाव की मदद से उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसके पेट में काफी पानी जा चुका था। गंभीर हालत में उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दिखा चुकी थी प्रतिभा

माया धनखड़ हाल ही में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट जूनियर एवं सब-जूनियर चैंपियनशिप के चयन परीक्षण में दूसरा स्थान हासिल कर चुकी थी। इसके अलावा वह जून माह में रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी भाग ले चुकी थी, जहां उसकी टीम सातवें स्थान पर रही थी।

तीन महीने पहले मिली थी अकादमी को मान्यता

माया के पिता जयप्रकाश ने बताया कि गांव की अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी पूजा धनखड़ द्वारा संचालित अकादमी में करीब 10 से अधिक बेटियां प्रशिक्षण ले रही हैं। तीन महीने पहले ही खेल विभाग ने अकादमी को मान्यता दी थी और कोच के रूप में पूजा धनखड़ को मानदेय भी दिया जा रहा था।घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। खेल प्रतिभा के रूप में उभर रही माया की असमय मौत ने परिवार, साथियों और पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।