नूहं के दिल्ली-अलवर मार्ग पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने शादी से लौट रहे लोगों के टेंपो को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
नूहं। जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दिल्ली-अलवर मार्ग पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने मालवाहक टेंपो को पीछे से भीषण टक्कर मार दी। इस हृदय विदारक घटना में टेंपो में सवार एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब टेंपो सवार सभी लोग दिल्ली के पालम में एक विवाह समारोह से वापस अपने घर आगरा लौट रहे थे।
शादी की खुशियां मातम में बदली, देर रात हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के विभिन्न गांवों के लगभग 14 लोग एक खुले मालवाहक टेंपो में सवार होकर वापस आ रहे थे। रात करीब 2:15 बजे जब उनका वाहन रोजका मेव इलाके में दिल्ली-अलवर रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी भयानक थी कि टेंपो सड़क पर कई फुट तक घिसटता चला गया और उसके परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और एंबुलेंस बुलाई।
घायलों को दिल्ली किया गया रेफर
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चांदनी (28 वर्ष, निवासी पिनहट), राम क्रांति (19 वर्ष, निवासी शमशाबाद) और तीन वर्षीय मृदुल (निवासी आगरा) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में प्रीति, अर्चना, चार वर्षीय तमन्ना और राम निवास शामिल हैं। तमन्ना को इलाज के लिए नलहार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि प्रीति, अर्चना और राम निवास की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ रोजका-मेव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

