० भारत-अमेरिका FTA के विरोध में पंजाब के किसानों का मार्च आज, दिल्ली-संगरूर हाईवे पर बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन लागू

नरवाना। भारत-अमेरिका के प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान को देखते हुए हरियाणा-पंजाब सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीमावर्ती इलाकों में कड़े इंतजाम किए हैं।

नरवाना के खनौरी स्थित दाता सिंह वाला बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही प्रशासन ने पहले से ही ट्रैफिक रूट डायवर्ट कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजना शुरू कर दिया है, ताकि आवाजाही प्रभावित न हो।

हालांकि खबर लिखे जाने तक खनौरी बॉर्डर पर किसानों का कोई जत्था नहीं पहुंचा था, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।