हिसार। हरियाणा शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी स्कूलों और शिक्षा कार्यालयों में कार्यरत नॉन-टीचिंग कर्मचारियों (क्षेत्रीय कैडर) के लिए ‘मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव-2026’ की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (DEEO) को 31 अक्टूबर 2026 तक इंट्रा-हरियाणा पोर्टल पर सभी कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड व दस्तावेज 100% सत्यापित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि किसी कर्मचारी ने ट्रांसफर में अतिरिक्त अंक पाने के लिए फर्जी दस्तावेज लगाए, तो उसे प्रक्रिया से बाहर कर राज्य के किसी भी विषम (रिमोट) क्षेत्र में तैनात कर दिया जाएगा।
गलत डेटा अप्रूव करने वाले अफसरों पर भी होगी कार्रवाई
ट्रांसफर पोर्टल खोलने से पहले हर कर्मचारी के नाम, पेयी कोड, मोबाइल नंबर, ईमेल, परिवार पहचान पत्र और सर्विस रिकॉर्ड की गहन जांच होगी। यदि डेटा में कोई कमी मिलती है, तो सॉफ्टवेयर ‘ऑटो-ऑब्जेक्शन बाय सिस्टम’ के जरिए कर्मचारी की स्क्रीन पर तुरंत अलर्ट भेजेगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फर्जी या गलत डेटा को अप्रूव करने वाले ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर्स (DDO) के खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मनपसंद स्टेशन के लिए अनिवार्य होंगे ये दस्तावेज
मनपसंद स्टेशन पाने के लिए अतिरिक्त मेरिट अंक जुटाने वाले कर्मचारियों को पुख्ता प्रमाण पत्र जमा करने होंगे:
- गंभीर बीमारी: एम्स, पीजीआई रोहतक, पीजीआई चंडीगढ़ या हरियाणा/दिल्ली के सरकारी मेडिकल कॉलेज के सक्षम बोर्ड का प्रमाण पत्र।
- दिव्यांगता: कर्मचारी या उनके बच्चे के दिव्यांग होने पर यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड।
- विशेष श्रेणी: तलाकशुदा या एकल अभिभावक के लिए कोर्ट का आदेश, जबकि विधवा/विधुर कर्मचारियों को जीवनसाथी का मृत्यु प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा।
- कपल केस व सैन्य कर्मी: तय फॉर्मेट में प्रमाण पत्र और सेना/पैरामिलिट्री में तैनात जीवनसाथी का आधिकारिक सर्विस आईडी कार्ड।
40+ उम्र की अविवाहित महिलाओं को मिलेंगे 10 मेरिट पॉइंट
हाई कोर्ट के एक मामले की कार्यवाही के बाद ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2026 के तहत बड़ा बदलाव किया गया है। अब 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिला कर्मचारियों को भी विशेष श्रेणी के तहत 10 मेरिट पॉइंट देने पर विचार किया जाएगा। पात्र कर्मचारियों को अपने दावों का पूरा विवरण सोमवार शाम 5 बजे तक निदेशालय भेजना होगा। विभाग में इस समय नॉन-टीचिंग कैडर के कुल 3,578 पद खाली हैं, जिनमें क्लर्क के 1,255, लैब अटेंडेंट के 1,846 और असिस्टेंट के 220 पद शामिल हैं।
नूंह में वेतन विसंगतियों पर प्रदर्शन, राजनीतिक गलियारों में हलचल
एक अन्य घटनाक्रम में, नूंह स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के शिक्षक और छात्र वेतन विसंगतियों व बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सोमवार को सड़कों पर उतरेंगे। वे लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकालकर डीसी को ज्ञापन सौंपेंगे। उधर, रोहतक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस की गुटबाजी पर बयान देते हुए कहा कि सत्ता में वापसी के लिए 2005 वाला सभी वर्गों का संयोजन ही चाहिए। सीएम पद की दावेदारी पर उन्होंने कहा कि राजनीति में संभावनाएं हमेशा जीवित रहती हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

