नूंह जिले के तावड़ू सदर थाने में तैनात एएसआई अनिल कुमार को छुट्टी के लिए फर्जी जानकारी देने और अनुशासनहीनता के आरोप में एसपी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
नूंह। जिले में एक एएसआई द्वारा छुट्टी लेने के लिए झूठी जानकारी देने का मामला सामने आया है। तावड़ू सदर थाना में तैनात एएसआई अनिल कुमार को एसपी डॉ. अर्पित जैन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उसने अपनी दादी के निधन का बहाना बनाकर छुट्टी ली, लेकिन बाद में परिवार के साथ घूमने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ गईं। मामले की विभागीय जांच के आदेश देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) को 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी के आदेश के अनुसार, एएसआई अनिल कुमार ने 8 भी को दादी के निधन की सूचना देकर घर जाने की अनुमति ली थी और अगले दिन ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि वह 11 दिन तक वापस नहीं आया। इस दौरान थाना प्रभारी ने कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला या उसने कॉल रिसीव नहीं की। 19 जून को ड्यूटी पर लौटने पर उसने दादी के अंतिम संस्कार और अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त होने की बात कही।
विभागीय जांच के दौरान उसके मोबाइल और सोशल मीडिया से परिवार के साथ टूर की तस्वीरें सामने आईं। जांच में यह भी पता चला कि जिस महिला के निधन का हवाला देकर छुट्टी ली गई थी, वह उसकी वास्तविक दादी नहीं थीं। इसके अलावा, उसके पास लंबित जांच फाइलें और शिकायतों का भी समय पर निस्तारण नहीं किया गया था। इन सभी तथ्यों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने उसे निलंबित कर नियमित विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, एएसआई अनिल कुमार साइबर सिक्योरिटी का प्रशिक्षण भी ले चुका है। उसने 2024 में करनाल में साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एवं साइबर फोरेंसिक का कोर्स किया था। वह फिटनेस का भी शौकीन है और सोशल मीडिया पर 100 किलोग्राम से 85 किलोग्राम वजन कम करने की अपनी तस्वीरें भी साझा कर चुका है।

