हरियाणा पुलिस ने आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग और वैज्ञानिक जांच के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय सफलता हासिल की है। अखिल भारतीय फिंगरप्रिंट सम्मेलन में सूबे के राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो द्वारा तैयार CrPIS मॉडल को देश में सर्वश्रेष्ठ चुना गया।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग और वैज्ञानिक जांच के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। 26वें अखिल भारतीय फिंगरप्रिंट सम्मेलन में हरियाणा राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB) द्वारा विकसित CrPIS (Crime and Criminal Personnel Information System) को देशभर में सर्वश्रेष्ठ मॉडल के रूप में सराहा गया।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने हरियाणा पुलिस को ‘Certificate of Excellence’ से सम्मानित किया। यह सम्मान CrPIS प्रणाली के रिकॉर्ड समय में सफल विकास, प्रभावी क्रियान्वयन और अपराध जांच को तकनीक से जोड़ने के अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

नई दिल्ली में आयोजित 26वें अखिल भारतीय फिंगरप्रिंट सम्मेलन के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने इस अत्याधुनिक प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने हरियाणा की इस तकनीकी पहल की सराहना की।

हरियाणा पुलिस का कहना है कि CrPIS प्रणाली अपराधियों और अपराध संबंधी सूचनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण, त्वरित पहचान और जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे अपराध नियंत्रण, जांच की गुणवत्ता और पुलिसिंग की दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व और पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में हरियाणा पुलिस लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य में डिजिटल और वैज्ञानिक जांच प्रणाली को मजबूत करने के प्रयासों का ही परिणाम है कि हरियाणा पुलिस को राष्ट्रीय मंच पर लगातार सम्मान और पहचान मिल रही है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह उपलब्धि न केवल हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का विषय है, बल्कि देशभर में तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। CrPIS की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हरियाणा पुलिस नवाचार, तकनीक और दक्षता के मामले में देश के अग्रणी पुलिस संगठनों में शामिल है।