कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने आलू उत्पादक किसानों को बड़ी सुविधा देते हुए उन्नत और रोग-प्रतिरोधी किस्मों के गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए हैं। किसान अब अपनी जरूरत के अनुसार घर बैठे इन बीजों की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। सरकार का कहना है कि प्रमाणित और वायरस-मुक्त बीजों के इस्तेमाल से आलू की पैदावार और गुणवत्ता बेहतर होगी, जिससे किसानों को बाजार में बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि उद्यान विभाग के माध्यम से किसानों को आलू की कई उन्नत किस्मों का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। करनाल के शामगढ़ स्थित आलू प्रौद्योगिकी केंद्र से कुफरी पुखराज, कुफरी मोहन, कुफरी ख्याति, कुफरी चिपसोना और कुफरी फ्रायसोना जैसी किस्मों के अर्ली जेनरेशन सीड (Early Generation Seed) और मिनीट्यूबर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कुफरी पुखराज का सबसे ज्यादा स्टॉक

विभाग के अनुसार अर्ली जेनरेशन सीड (ईयर-3) श्रेणी में कुफरी पुखराज का 1276 क्विंटल सीड साइज, 298.5 क्विंटल अंडर साइज और 157 क्विंटल ओवर साइज बीज उपलब्ध है।

वहीं ईयर-4 श्रेणी में कुफरी मोहन का 255.5 क्विंटल सीड साइज, 9 क्विंटल अंडर साइज और 210 क्विंटल ओवर साइज बीज किसानों के लिए रखा गया है।

ईयर-1 श्रेणी में कुफरी चिपसोना-1 का 1 क्विंटल अंडर साइज, कुफरी ख्याति का 2.5 क्विंटल सीड साइज और 20.5 क्विंटल ओवर साइज तथा कुफरी उदय का 0.5 क्विंटल ओवर साइज बीज उपलब्ध है।

1.19 लाख मिनीट्यूबर्स भी उपलब्ध

आलू की खेती के लिए किसानों को मिनीट्यूबर्स (Mini Tubers) भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। पीटीसीएमटी (PTCMT) श्रेणी में कुफरी उदय के 25 हजार, कुफरी चिपसोना-1 के 8 हजार, कुफरी हिमालिनी के 11 हजार और कुफरी फ्रायसोना के 75 हजार मिनीट्यूबर्स उपलब्ध हैं। यानी इस श्रेणी में कुल 1.19 लाख मिनीट्यूबर्स किसानों के लिए उपलब्ध हैं।

घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग

किसानों को बीज लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए उद्यान विभाग ने ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी है। किसान विभाग के आधिकारिक पोर्टल nursery.hortharyana.gov.in के माध्यम से अपनी जरूरत के मुताबिक बीज की बुकिंग कर सकते हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रमाणिक और वायरस-मुक्त बीजों के इस्तेमाल से प्रति एकड़ उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही बेहतर गुणवत्ता की उपज मिलने पर किसानों को बाजार में प्रीमियम (Premium) मूल्य मिलने की संभावना रहेगी, जिससे उनकी शुद्ध आमदनी बढ़ सकती है।

बीज की उपलब्धता, ऑनलाइन बुकिंग या तकनीकी सहायता से जुड़ी जानकारी के लिए किसान 8619199628 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से अपनी आवश्यकता के अनुसार समय रहते बुकिंग कराने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m