नई दिल्ली/चंडीगढ़। हरियाणा सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसके तहत जून में एक निवेशक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा।
सरकार का मुख्य उद्देश्य गुरुग्राम में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी परियोजना में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना है। इस सम्मेलन से पहले राज्य की नई औद्योगिक नीति 2026 की अधिसूचना जारी किए जाने की तैयारी है। इसके लिए आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर कैबिनेट बैठक होने की संभावना है, जिसके बाद नीति को औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई औद्योगिक नीति का प्रारूप तैयार होने के बाद दिल्ली में विभिन्न उद्योगपतियों से दो दिन तक चर्चा की थी। इस दौरान मिले सुझावों को नीति में शामिल किया गया है।
वहीं, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि निवेशक सम्मेलन का केंद्र बिंदु ग्लोबल सिटी होगा, जहां निवेशकों को औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर 36 और 37 में बन रही इस परियोजना का पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरा चरण भी शुरू कर दिया गया है।
सरकार का दावा है कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। फिलहाल निवेशक सम्मेलन की तिथि और स्थान को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

