गुलशन यादव, नारनौल। दिल्ली जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में किराए को लेकर एक व्यक्ति और बस कंडक्टर के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला नारनौल डिपो की बस नंबर HR-47-GV-6769 का बताया जा रहा है।

किराए को लेकर कंडक्टर से हुई बहस

कंडक्टर के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति खुद को हरियाणा पुलिस का जवान बता रहा था। कंडक्टर का आरोप है कि जब उससे पुलिस का आईकार्ड दिखाने के लिए कहा गया तो उसने आईकार्ड नहीं दिखाया। टिकट को लेकर भी दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। कंडक्टर के मुताबिक, उक्त व्यक्ति ने कुंड से बस में सफर शुरू किया था और उसे गुरुग्राम के इफको चौक तक जाना था। लेकिन विवाद बढ़ने के बाद वह रेवाड़ी बस स्टैंड पर ही बस से उतर गया।

पुलिस का नाम लेकर दबाव बनाने का आरोप

कंडक्टर ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने हरियाणा पुलिस का नाम लेकर उस पर दबाव बनाने की कोशिश की। इस दौरान बस में मौजूद सवारियों के साथ-साथ चालक और परिचालक से भी उसकी बहस हुई। वायरल वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति वास्तव में हरियाणा पुलिस का जवान था या उसने पुलिस के नाम का इस्तेमाल किया था। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। अब देखना होगा कि रोडवेज विभाग और संबंधित पुलिस अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं। साथ ही यह भी जांच का विषय होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान क्या है और उसके पुलिसकर्मी होने के दावे की सच्चाई क्या है। वीडियो की उचित जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पूरा मामला आखिर क्या था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m