झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले में लगातार हो रही बारिश से अब कारोबार भी प्रभावित होने लगा है। झज्जर शहर की करीब 10 आरा मशीनों में चोंवा ऊपर आने से पानी भर गया है। मशीनों की खाइयों में करीब एक फीट पानी जमा है और कई जगह मशीनों के चक्के तक डूब गए हैं। इसके चलते लकड़ी की चिराई का काम पूरी तरह ठप हो गया है।

मशीन संचालक मोटर पंप लगाकर पानी निकाल रहे हैं, लेकिन लगातार बारिश और जमीन से पानी ऊपर आने के कारण खाइयां दोबारा भर जा रही हैं। कारोबारियों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

रोजाना 700 किलो लकड़ी की कटाई प्रभावित

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, एक आरा मशीन पर रोजाना औसतन करीब 700 किलो लकड़ी की कटाई होती है। यहां से तंदूरी गुटका, चिरान लकड़ी और ईंधन के लिए इस्तेमाल होने वाली लकड़ी दुकानदारों और ग्राहकों तक पहुंचती है। मशीनें बंद होने से लकड़ी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। फिलहाल दुकानदार पुराने स्टॉक से काम चला रहे हैं। कारोबारियों को चिंता है कि मशीनें लंबे समय तक बंद रहीं तो बाजार में लकड़ी की कमी हो सकती है।

खाई में एक फीट पानी, चक्का भी डूबा

आरा मशीन संचालक मुकेश जांगड़ा, श्रीकृष्ण उर्फ भोली, लोकेश जांगड़ा, श्याम लाल, कालू पंडित और रामधारी ने बताया कि मंगलवार से चोंवा ऊपर आने के कारण मशीनों में पानी भरना शुरू हुआ। संचालकों के मुताबिक, मशीनों की खाइयों में करीब एक फीट पानी जमा है। मशीनों के चक्के भी पानी में डूब गए हैं। मोटर पंप से पानी निकाला जा रहा है, लेकिन बारिश और जमीन से लगातार आ रहे पानी के कारण समस्या बनी हुई है।

दुकानदारों से लेकर होटलों तक असर

आरा मशीनों के बंद होने का असर लकड़ी खरीदने वाले दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। तंदूरी दुकानों, ईंट-भट्ठों, होटलों और ग्रामीण इलाकों में ईंधन के लिए लकड़ी की मांग रहती है। आपूर्ति प्रभावित होने से कई दुकानदार पुराने स्टॉक पर निर्भर हैं। कारोबारियों के अनुसार, यह स्टॉक कुछ दिनों तक ही चल सकता है। बारिश जारी रहने और मशीनें बंद रहने पर लकड़ी की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है।

हर साल जलभराव, स्थायी समाधान की मांग

आरा मशीन संचालकों ने प्रशासन से बारिश और चोंवा के पानी की निकासी के लिए तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है। कारोबारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल यह समस्या सामने आती है। संचालकों के मुताबिक, मशीनों के आसपास जल निकासी की उचित व्यवस्था होने पर बारिश के दौरान कारोबार ठप होने से बचाया जा सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m