रोहतक। गुरुग्राम से सिरसा जा रही हरियाणा रोडवेज की बस को महम में रोककर ड्राइवर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने पहले बस को घेर लिया। इसके बाद वे बस के अंदर घुस गए और ड्राइवर सुशील कुमार को लात-घूंसों से पीटा। बीच-बचाव करने आए यात्रियों के साथ भी गाली-गलौज की गई। आरोपियों ने दोबारा बस लेकर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
घटना के बाद रोडवेज बस के ड्राइवर सुशील कुमार ने महम चौकी में लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महम में बस के आगे मोटरसाइकिल लगाकर रोका
सुशील कुमार गुरुग्राम डिपो में ड्राइवर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह बस लेकर सिरसा जा रहे थे। जब बस महम पहुंची, तो तीन मोटरसाइकिलों पर सवार युवक उनके सामने आ गए। युवकों ने बस को घेर लिया और एक मोटरसाइकिल बस के आगे लगा दी। इसके बाद वे गाली-गलौज करने लगे।
ड्राइवर के अनुसार, उन्होंने युवकों से गाली देने का कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और फिर बस में घुसकर मारपीट की।
यात्रियों ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी धमकाया
बस के कंडक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार युवकों ने ओवरटेक करके बस रुकवाई थी। शुरुआत में ड्राइवर ने उनसे बातचीत कर मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन युवक मारपीट पर उतर आए।
जब बस में मौजूद यात्रियों ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, युवकों ने बस का समय नोट करने के बाद दोबारा आने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस को दी लिखित शिकायत
ड्राइवर सुशील कुमार ने मामले की शिकायत महम चौकी में दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, घटना के पीछे की वजह और आरोपियों के संबंध में पुलिस की जांच के नतीजे सामने आना बाकी हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

