हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने रोडवेज कर्मचारियों को आपसी सहमति से एक बार ट्रांसफर लेने की छूट दी है। साथ ही कार्यशालाओं में मूलभूत सुविधाओं के भी निर्देश दिए।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने रोडवेज कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए अहम घोषणा की है। नई स्थानांतरण नीति लागू होने तक राज्य सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों को आपसी सहमति के आधार पर एक बार स्थानांतरण (ट्रांसफर) का अवसर देने का फैसला किया है। मंत्री के इस निर्णय को लंबे समय से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रदेश में नई स्थानांतरण नीति लागू नहीं हो जाती, तब तक रोडवेज कर्मचारी आपसी सहमति के आधार पर एक बार अपना स्थानांतरण करवा सकेंगे। माना जा रहा है कि इस फैसले से उन कर्मचारियों को विशेष लाभ मिलेगा, जो पारिवारिक या अन्य कारणों से अपने गृह जिले अथवा सुविधाजनक स्थान पर तैनाती चाहते थे।

इतना ही नहीं, मंत्री ने रोडवेज कार्यशालाओं और डिपो में कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी बड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी रोडवेज कार्यशालाओं में कर्मचारियों की सुविधा के लिए पंखों, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर कूलर तथा महिला और पुरुष कर्मचारियों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अनिल विज के इस फैसले को रोडवेज कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। एक तरफ जहां कर्मचारियों को ट्रांसफर में राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कार्यस्थल पर सुविधाएं बढ़ने से उनके कामकाज का माहौल भी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

