यमुनानगर। हरियाणा में रविवार को कूड़ा उठाने को लेकर हिसार और यमुनानगर में जमकर हंगामा हुआ। हिसार में नगर निगम की टीम JCB से कूड़ा उठाने पहुंची तो हड़ताल पर चल रहे सफाईकर्मियों ने टीम और पुलिसकर्मियों पर कचरा फेंक दिया। उन्होंने JCB को रोकने की भी कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों को डिटेन कर लिया और रोडवेज बसों से पुलिस लाइन ले गई।
यमुनानगर में भी नगर निगम की टीम को हड़ताली सफाईकर्मियों के विरोध का सामना करना पड़ा। टीम SP आवास के पास जमा कूड़ा उठाने पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही सफाईकर्मी मौके पर पहुंच गए और कूड़ा उठाने से रोक दिया।
यमुनानगर में पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों को पुलिस वैन में बैठाना शुरू किया। इसके विरोध में महिला सफाईकर्मी सड़क पर बैठ गईं और प्रदर्शन करने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख नगर निगम और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में निगम की टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों से कूड़ा उठाने का काम शुरू किया। यमुनानगर में कई जगह कूड़े के ढेर जमा हैं। रविवार सुबह निगम की टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। हड़ताली सफाईकर्मियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल शहर के कई स्थानों पर पुलिसबल तैनात किया गया है।
6 अगस्त से हड़ताल पर हैं सफाईकर्मी
सफाईकर्मी विभिन्न मांगों को लेकर 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। लगातार हड़ताल के कारण कई जगह कूड़ा जमा हो गया है। नगर निगम की टीमें अब पुलिस की मौजूदगी में कूड़ा उठाने का काम कर रही हैं।
हिसार में 3600 टन से ज्यादा कचरा जमा
हिसार में सफाईकर्मियों की हड़ताल को 18 दिन हो चुके हैं। इसके कारण शहर की कॉलोनियों में जगह-जगह कचरा जमा है। बताया जा रहा है कि हिसार शहर में 3600 टन से ज्यादा कचरा जमा हो गया है। हिसार में शुक्रवार को भी हड़ताली सफाईकर्मियों और नगर निगम की टीम के बीच हाथापाई हुई थी। इस मामले में पुलिस ने ME अमित बेरवाल की शिकायत पर सफाईकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार को सौंपी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

