अंबाला। शुक्रवार सुबह भानोखेड़ी फ्लाईओवर के नीचे एक बड़ी सड़क दुर्घटना में द स्कॉलर स्कूल की शिक्षिकाओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि गलत दिशा से तेज रफ्तार में आए मिट्टी से भरे डंपर को बचाने की कोशिश में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार शिक्षिकाएं सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में 9 महिला शिक्षिकाएं घायल हुई हैं। इनमें शिक्षिका मीनाक्षी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें टांके लगाने पड़े। वहीं गुरजिंद्र, रीना, कनिका, मनदीप कौर, ममता, रितु, रोमी, रजनी और नीलम को हल्की चोटें आई हैं। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।

चंडीगढ़ ट्रिप पर जाने से पहले हुआ हादसा

स्कूल संचालक गुरतेज ने बताया कि स्कूल में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। इसी दौरान शिक्षकों के लिए चंडीगढ़ भ्रमण का कार्यक्रम बनाया गया था। सभी शिक्षिकाओं को सुबह स्कूल परिसर में एकत्र होना था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उनकी बस हादसे का शिकार हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गलत दिशा से आया डंपर हादसे की मुख्य वजह बना। पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।