सोनीपत के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को एसोसिएशन के जिला स्तरीय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इसमें आपसी सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन कर पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

संजीव घनगस, सोनीपत। हरियाणा स्कूल एजुकेशन ऑफिसर्स एसोसिएशन, जिला सोनीपत के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव रविवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, सोनीपत में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया का संचालन एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संजीव दहिया के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में पूजा नागपाल, प्राचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रन्याला खुर्द, जिला पलवल ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चुनाव के दौरान सभी सदस्यों ने आपसी सहमति और संगठनात्मक एकता का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से वीरेंद्र दहिया, प्राचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खानपुर कलां को एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना। वहीं, अनिल गोयल, प्राचार्य, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाठ को महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव परिणाम घोषित होते ही उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नव निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा अधिकारियों की समस्याओं के समाधान, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा शिक्षण संस्थानों के समग्र विकास में एसोसिएशन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सदस्यों ने विश्वास जताया कि नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री वीरेंद्र दहिया एवं महासचिव अनिल गोयल के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगा तथा शिक्षा अधिकारियों के हितों की प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जाएगी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र दहिया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा अधिकारियों के अधिकारों, समस्याओं और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थिति

कार्यक्रम में संजीव दहिया, अतुल खट्टर, पवन नैन, मनजीत कुमारी, विनोद कुमार, अनिल गोयल, वीरेंद्र कुमार सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर सभी सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया।