चंडीगढ़। हरियाणा में स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रदेशभर में कराए गए सर्वे के बाद 150 स्कूलों को चिन्हित किया गया है, जहां भवनों का दोबारा निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों के लिए सरकार की ओर से करीब 400 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए स्कूलों के भवनों और दूसरी जरूरी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उनका कहना था कि बेहतर बुनियादी ढांचे के बीच पढ़ने वाले विद्यार्थी आगे चलकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।
सैनी ने यह भी घोषणा की कि जिन पात्र परिवारों के मकानों की छत अभी कच्ची है, उन्हें उसे पक्का कराने के लिए 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही संबंधित पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग गांवों के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। गांव बीड़ खैरी में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये और लाइब्रेरी के लिए पुस्तकों की खरीद पर 2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
इसी तरह अंटहेड़ी गांव में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने तथा श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण की घोषणा हुई। बरगट जाटान और बरगट थलीपुर गांवों के लिए भी विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपये देने की बात कही गई। दोनों गांवों की लाइब्रेरियों में किताबों के लिए 2-2 लाख रुपये और शिव मंदिर के लंगर हॉल के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों की ओर से रखी गई अन्य मांगों को संबंधित विभागों तक भेजा जाएगा और उनकी व्यवहारिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जिक्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर बिजली व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कई-कई दिनों तक बिजली का इंतजार करना पड़ता था, जबकि मौजूदा सरकार ने गांवों तक 24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों को 2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल उपलब्ध कराने की योजना पर काम हो रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे पात्र परिवारों के बिजली खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।
सैनी ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करते हुए किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा मुफ्त की है। वहीं आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि इन योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार ने हर 20 किलोमीटर के दायरे में कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम किया है।
सेवा संकल्प अभियान में लगे हेल्प डेस्क
लाडवा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव कालीरानो और सुल्तानपुर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इन केंद्रों पर लोगों की शिकायतें सुनी गईं और सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों से आवेदन भी लिए गए।
इन स्टॉलों पर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडो लक्ष्मी योजना, परिवार पहचान पत्र, आयुष, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) समेत कई विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



