चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने शिक्षा विभाग में करोड़ों के किट खरीद घोटाले का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी स्कूलों के लिए साइंस लैब किट खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर सियासत गरमा गई है। एक समाचार रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शिक्षा विभाग ने कई उपकरण बाजार दर से 2 से 17 गुना तक महंगे दामों पर खरीदे, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा। रिपोर्ट के अनुसार 5 रुपये की कैपिलरी ट्यूब 84 रुपये में और 201 रुपये का मीटर ब्रिज 2100 रुपये में खरीदा गया, जबकि सबसे कम बोली लगाने वाली योग्य कंपनी (L-1) को दरकिनार कर लगभग 21 करोड़ रुपये का ठेका दूसरी कंपनी को दे दिया गया।
इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश के बच्चों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था के नाम पर खुलेआम भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी खरीद के लिए जेम पोर्टल जैसी पारदर्शी व्यवस्था मौजूद है, तब बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर सामान खरीदने और कम बोली लगाने वाली फर्म को बाहर करने का फैसला गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस नेता ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सही हैं तो यह केवल वित्तीय अनियमितता नहीं बल्कि प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने सरकार से जवाब मांगा कि आखिर किसके दबाव में और किसके लाभ के लिए यह खरीद प्रक्रिया पूरी की गई।

