हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सरकारी स्कूलों में खाली पड़े पदों को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सैकड़ों स्कूल केवल एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक समाचार पत्र की कटिंग साझा करते हुए दावा किया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 11वीं और 12वीं कक्षाओं में हर चौथा शिक्षक पद खाली पड़ा है, जबकि सैकड़ों सरकारी स्कूल केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की भारी कमी के बावजूद सरकार भर्ती प्रक्रिया में तेजी नहीं ला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक तैयार करने वाले डाइट (DIET) संस्थानों में भी 62 प्रतिशत तक पद खाली पड़े हैं, जिससे भविष्य में भी शिक्षकों की कमी और गंभीर होने की आशंका है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार पर स्कूलों के बुनियादी ढांचे की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि 691.88 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं और नई भवन परियोजनाओं पर भी रोक लगा दी गई है। उनका कहना है कि इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा, “पेपर लीक से सरकार पहले ही छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही है और अब शिक्षकों की भारी कमी तथा शिक्षा व्यवस्था की बदहाली से छात्रों की उच्च शिक्षा भी अंधकार में धकेली जा रही है।” उन्होंने सरकार से तत्काल सभी रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती करने और शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की मांग की।