० ताऊ के परिवार से हुए खूनी संघर्ष में गंभीर घायल हुआ था युवक, मौत के बाद पुलिस पर लापरवाही के आरोप
पानीपत। सदर थाना क्षेत्र के बडौली गांव में दो महीने पहले हुई खूनी रंजिश का मंगलवार को दर्दनाक अंत हो गया। पारिवारिक विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए युवक शेखर ने पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक और गुस्से का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में शेखर का अपने ताऊ के परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला हुआ। इस हमले में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया था।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शेखर ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने और आरोपियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई न करने के आरोप लगाए।
परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस शुरुआत में ही प्रभावी कदम उठाती तो शायद आज शेखर की जान बच सकती थी। गुस्साए लोगों ने न्याय की मांग को लेकर हंगामा भी किया।
जानें पुलिस ने क्या कहा
युवक की मौत के बाद अब यह मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।

