बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर झज्जर जिले के रोहद टोल के पास STF रोहतक की टीम ने दो गाड़ियों से 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में कारतूसों की सप्लाई के तार बिहार, बदायूं और सिरसा से जुड़ते मिले हैं।

STF हरियाणा की ओर से जारी प्रेस नोट में बरामदगी की पुष्टि की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आरोपी कारतूसों से संबंधित कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सके।

बिहार STF से मिली थी कारतूसों की खेप की सूचना

STF रोहतक को बिहार STF से सूचना मिली थी कि हथियारों और कारतूसों की बड़ी खेप की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद टीम ने झज्जर जिले के रोहद में त्रिवेणी ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़ी दो संदिग्ध गाड़ियों की तलाशी ली।

इनमें टाटा हैरियर (UP 80 FN 8346) और हुंडई ऑरा (UP 24 BL 9209) शामिल थीं। तलाशी के दौरान टाटा हैरियर से KF 7.65 और BMM KF बोर के 24,400 जिंदा कारतूस मिले। वहीं हुंडई ऑरा से BMM KF अंकित 600 कारतूस बरामद किए गए। दोनों गाड़ियों से कुल 25 हजार कारतूस मिले।

बदायूं के रहने वाले हैं पांचों आरोपी

पुलिस ने इस मामले में अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान (49), आसिम रईस (33), सबलू खान (32), अरबाज अली (27) और जीनत (33) को गिरफ्तार किया है। पांचों उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने दोनों गाड़ियों, कारतूसों और आठ मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के पास कारतूस रखने से संबंधित कोई लाइसेंस नहीं मिला।

बिहार में भी बरामद हुए थे करीब 20 हजार कारतूस

STF के प्रेस नोट के मुताबिक, बिहार STF ने इससे एक दिन पहले भोजपुर जिले में इसी तरह के मामले में लल्टू नाम के व्यक्ति और उसके साथियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब 20 हजार कारतूस बरामद हुए थे।

आरोप है कि लल्टू का संपर्क अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान से था और उसने उससे कारतूस प्राप्त किए थे। इसी कड़ी में हरियाणा STF अब बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही है।

बदायूं और सिरसा के गन हाउस तक पहुंची जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुन्ना खान बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदायूं गन हाउस चलाता है। वह सिरसा गया था, जहां उसने महक गन हाउस के मालिक विजय गोयल से कारतूसों की यह खेप प्राप्त की थी।

STF बिहार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के समन्वय से कारतूसों के स्रोत और गन हाउस के जरिए चल रहे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में बहादुरगढ़ के थाना असौधा में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ब)(ए) और 25(8) के तहत केस दर्ज किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m