हरियाणा सरकार ने चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण करने वाले किसानों की प्रोत्साहन राशि बढ़ा दी है। साथ ही आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए टिश्यू कल्चर पौध मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने गन्ना किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि अब चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण करने वाले किसानों को 5 हजार रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे पहले किसानों को 3 हजार रुपए प्रति एकड़ की सहायता राशि मिलती थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को आधुनिक खेती तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में सहकारी चीनी मिलों के माध्यम से किसानों को शुगरकेन हार्वेस्टर मशीन भी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि किसानों का खर्च कम हो और खेती आसान बन सके।
उन्होंने बताया कि गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों को टिश्यू कल्चर तकनीक अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस तकनीक से तैयार पौध अधिक उत्पादन देने वाली और बेहतर गुणवत्ता की होती है। सरकार किसानों को टिश्यू कल्चर से तैयार गन्ने की पौध मुफ्त उपलब्ध करवाएगी।
मंत्री के अनुसार करनाल सहकारी चीनी मिल में टिश्यू कल्चर के माध्यम से गन्ने की पौध तैयार की जाएगी। इसके बाद यह पौध किसानों को निशुल्क वितरित की जाएगी, ताकि प्रदेश में गन्ना उत्पादन और किसानों की आय दोनों बढ़ाई जा सके।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर खेती को ज्यादा लाभकारी बनाना है। उन्होंने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

