० गर्मी और उमस से जनजीवन बेहाल, बिजली की मांग बढ़ी; 1 जुलाई से प्री-मानसून होगा सक्रिय

चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून की देरी के चलते भीषण गर्मी और उमस का दौर लगातार जारी है। सोमवार को प्रदेश के 11 शहरों और मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रोहतक में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सिरसा (43.4°C), हिसार (43.3°C) और भिवानी (43.0°C) भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

15 जिलों में आज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 15 जिलों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं। वहीं अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश के संकेत हैं।हालांकि रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और जींद में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है।

बढ़ी बिजली की मांग, कटौती से बढ़ी परेशानी

तेज गर्मी और उमस के कारण लोग कूलर और एसी का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बिजली की मांग में अचानक बढ़ोतरी हुई है। कई शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोडिंग के चलते लंबे बिजली कट लग रहे हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

1 जुलाई से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 1 जुलाई से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी, जबकि 2 और 3 जुलाई को उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा के कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है। मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।