रोहतक | रोहतक के खिड़वाली गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन दिन से लापता किसान रोहताश का शव गांव के जोहड़ (तालाब) में कीचड़ के बीच तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार रोहताश बुधवार रात करीब 12 बजे गांव के ही तीन युवकों—बलराज, श्रीओम और रविंद्र उर्फ बदलू—के साथ जोहड़ के पास मौजूद था। इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रोहताश के भतीजे अशोक ने पहले ही पुलिस को शिकायत देकर तीनों युवकों से पूछताछ की मांग की थी। अब शव मिलने के बाद परिजनों ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की जीभ बाहर निकली हुई पाई गई, जिससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम

पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम पीजीआई में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।