Haryana Top News : हरियाणा में बुधवार का दिन अपराध और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी बड़ी खबरों के नाम रहा। गुरुग्राम में नगर निगम की जमीन पर बनी करीब 1.5 करोड़ रुपये की अवैध प्लास्टिक फैक्ट्री पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर महापंचायत ने 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। दूसरी ओर, गुरुग्राम पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे हथियार और हवाला कनेक्शन से जुड़े अहम खुलासे हुए हैं।
1. सरकारी जमीन पर ‘प्लास्टिक का साम्राज्य’ ध्वस्त, 1.5 करोड़ की अवैध फैक्ट्री पर चला बुलडोजर
गुरुग्राम। अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने सेक्टर-09 में नगर निगम की करीब 200 वर्ग गज जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई प्लास्टिक फैक्ट्री को ध्वस्त करा दिया। पुलिस के मुताबिक, इस अवैध निर्माण की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये थी।
2. कांवड़ यात्रा से लौट रहे 12वीं के छात्र की दर्दनाक मौत, शामली के पास ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
चंडीगढ़। कांवड़ यात्रा को लेकर दोस्तों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेने गया 12वीं कक्षा का छात्र कुणाल घर लौटते समय दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। शामली के पास ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में कुणाल की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार अक्षय घायल हो गया। जिस यात्रा को लेकर कुणाल बेहद उत्साहित था, वही उसकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन गई।
3. राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी अपलोड करने पर मिलेगा प्रमाण पत्र : डीसी अपराजिता
कैथल। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कैथल की डीसी अपराजिता ने सभी जिलावासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी फोटो या सेल्फी लेकर आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करें। फोटो अपलोड करने के बाद संबंधित व्यक्ति के नाम से डिजिटल हर घर तिरंगा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसे पोर्टल के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है।
4. पढ़ाई के तनाव में 10वीं के छात्र ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार में मचा कोहराम
टोहाना। टोहाना के जमालपुर शेखा गांव में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बताया जा रहा है कि छात्र पढ़ाई को लेकर तनाव में था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
5. हिसार में जीवन हत्याकांड पर महापंचायत, 13 अगस्त तक आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम
हिसार। जीवन कुंडू हत्याकांड को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और खाप प्रतिनिधियों का लघु सचिवालय के बाहर धरना लगातार जारी है। मामले में महापंचायत आयोजित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया गया है।
6. 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, फांसी की सजा बदली; दोषी को 50 साल जेल और 73 लाख जुर्माना
कैथल। सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने दोषी पवन उर्फ मोनी की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह सामान्य उम्रकैद नहीं होगी। दोषी को कम से कम 50 वर्ष की वास्तविक कैद भुगतनी होगी। इसके साथ ही उस पर 73 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
7. गुरुग्राम में विदेश बैठे गैंगस्टरों का प्लान फेल, 7 गुर्गे गिरफ्तार; हथियारों के साथ हवाला कनेक्शन का खुलासा
गुरुग्राम। विदेश में बैठे गैंगस्टरों के संगठित अपराध नेटवर्क पर हरियाणा पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। गुरुग्राम पुलिस ने दीपक नांदल, मीनाक्षी और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े सात सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर रेकी, हथियारों की सप्लाई और रकम के लेन-देन का काम करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली के चांदनी चौक का हवाला कारोबारी अशोक अरोड़ा भी शामिल है।
8. चंडीगढ़ में अनोखा ‘मनी लंगर’! दाल-रोटी की जगह बर्गर-कोल्ड ड्रिंक और 500 के नोट बांटे, उमड़ी भीड़
चंडीगढ़। आमतौर पर लंगर का नाम सुनते ही दाल, रोटी, सब्जी और खीर जैसी पारंपरिक चीजों की तस्वीर सामने आती है, लेकिन चंडीगढ़ में आयोजित एक अनोखे लंगर ने लोगों का ध्यान खींच लिया। यहां लोगों को पारंपरिक भोजन के बजाय बर्गर, कोल्ड ड्रिंक और 500-500 रुपये के नोट बांटे गए। इसे देखने और इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


