हरियाणा 10वीं बोर्ड में 499 अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान पाने वाली उचाना की दीपांशी जैन को प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया है। इस खास मौके पर होनहार छात्रा को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन स्वरूप एक शानदार इलेक्ट्रिक स्कूटी उपहार में भेंट की गई।
जींद। मेहनत, लगन और बुलंद हौसलों के दम पर हरियाणा टॉपर बनी उचाना की होनहार छात्रा दीपांशी जैन को मंगलवार को उपमंडल कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रीन सिटी सेक्टर-7 एवं उचाना सेवा क्लब की ओर से दीपांशी को प्रोत्साहन स्वरूप इलेक्ट्रिक स्कूटी भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में मौजूद लोगों ने दीपांशी की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
दीपांशी जैन ने बताया कि 10वीं कक्षा के परिणाम में उन्हें पहले 492 अंक प्राप्त हुए थे, लेकिन वह इन अंकों से संतुष्ट नहीं थीं। इसके बाद उन्होंने रिवोल्यूशन के लिए आवेदन किया, जिसके बाद उनके अंक बढ़कर 499 हो गए और वह हरियाणा टॉपर बनीं। दीपांशी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और अपनी बड़ी बहन को देते हुए कहा कि उचाना के लोगों द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उनकी मेहनत को इतना सम्मान मिला। माता-पिता, अध्यापकों और बड़ी बहन के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उचाना वासियों द्वारा उपहार में दी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी उनके लिए यादगार सम्मान है, जो आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी।
गीता विद्या मंदिर हाई स्कूल की प्रिंसिपल सविता सिंगला ने कहा कि यह उपलब्धि केवल दीपांशी और उसके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उचाना क्षेत्र और बांगर की धरती के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र के विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और हरियाणा स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
उचाना के एसडीएम रमित यादव ने कहा कि क्षेत्र की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह जानकर बेहद खुशी होती है कि उचाना क्षेत्र के विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं में हरियाणा स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। बेटियों की यह सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
एसडीएम ने कहा कि जब कोई लड़की कामयाब होती है तो वह अकेली नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी को आगे बढ़ाने का काम करती है। उसकी शिक्षा और संस्कार आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देते हैं। उन्होंने बताया कि दीपांशी को दी गई स्कूटी का उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर सुरेंद्र जैन, सुदेश चोपड़ा, शिक्षाविद रामचंद्र अत्री, बलवान कापड़ों, महेंद्र लोधर, मिट्ठू शर्मा, मनोनीत पार्षद नरेश सोंगरी, डॉ. राजेंद्र, मास्टर रामप्रसाद और महामंत्री रमेश राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

