कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में मतदाता सूची (Voter List) से जुड़ी शिकायतों और सुधार के लिए शनिवार से दो दिन का विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। निर्वाचन विभाग की ओर से 26 और 27 सितंबर को प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के साथ-साथ नाम हटाने या दर्ज जानकारी में संशोधन के लिए संबंधित आवेदन जमा करा सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे। ऐसे में जिन पात्र नागरिकों ने अभी तक मतदाता सूची से संबंधित अपना आवेदन जमा नहीं कराया है, वे शिविर के दौरान बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 30 सितंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने से संबंधित आवेदन के लिए फॉर्म-7 और मतदाता विवरण में संशोधन या नया मतदाता पहचान पत्र आदि से जुड़े बदलाव के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा रहा है।

विभाग के पास अब तक फॉर्म-6 के 2,46,292 आवेदन पहुंच चुके हैं। वहीं, नाम हटाने से संबंधित फॉर्म-7 के 31,146 आवेदन और विवरण में संशोधन से जुड़े फॉर्म-8 के 1,78,207 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे साफ है कि मतदाता सूची को लेकर बड़ी संख्या में लोग इस प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं।

विशेष अभियान के बाद भी प्रक्रिया तत्काल खत्म नहीं होगी। निर्वाचन विभाग दावे और आपत्तियों की जांच कर उनका निपटारा 28 अक्टूबर तक करेगा। इसके बाद आवश्यक सुधार और संशोधन पूरा किए जाएंगे। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को किया जाना प्रस्तावित है।

ऐसे में मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण को लेकर किसी तरह की गलती मिलने पर नागरिक निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान के दोनों दिनों को इस प्रक्रिया के लिए अहम अवसर के तौर पर रखा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m