हरियाणा में मानसूनी गतिविधियों के चलते मौसम का मिजाज बदलने वाला है और 27 जुलाई से राज्य में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक को लेकर प्रदेश के सभी 22 जिलों में चेतावनी जारी की है।

चंडीगढ़। हरियाणा में शुक्रवार को 15 जिलों में हुई हल्की वर्षा के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और कृषि वैज्ञानिकों ने 27 जुलाई के बाद से प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरी हवाओं और मानसूनी नमी के प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में भी तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है।

25 से 27 जुलाई का पूर्वानुमान

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, वर्तमान में मानसून टर्फ की अक्षय रेखा जैसलमेर, गुना, सीधी और डेल्टागंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस स्थिति के कारण राज्य में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां थोड़ी धीमी हैं और केवल छिटपुट स्थानों पर ही वर्षा हो रही है। हालांकि, अरब सागर से आ रही नम हवाओं और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से 25 से 27 जुलाई तक प्रदेश में गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

28 जुलाई से बढ़ेगी बारिश की तीव्रता

मौसम वैज्ञानिकों का आकलन है कि 27 जुलाई से मानसून टर्फ की रेखा उत्तर दिशा की ओर खिसकेगी। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इस बदलाव के चलते 28 से 30 जुलाई के दौरान हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में ज्यादातर जगहों पर मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है। वहीं, राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। इस अवधि में चलने वाली हवाओं के रुख में बदलाव से दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

इन जिलों के लिए जारी हुई चेतावनी

प्रदेश के जिन जिलों में मौसम विभाग ने वर्षा और गरज-चमक को लेकर सचेत किया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत और कैथल शामिल हैं। इसके अलावा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी तथा चरखी दादरी में भी बारिश की संभावना जताई गई है।