Haryana Weather Update : हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से बदले मौसम के बीच अब मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां बनने लगी हैं। इसका असर हरियाणा के मौसम पर भी दिखाई देगा और 20 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

कमजोर पड़ रही मानसूनी ट्रफ

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन अब धीरे-धीरे कमजोर हो रही है। इसके चलते वातावरण में बनी नमी कम होने लगी है। बारिश थमने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में धूप निकल रही है, जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन अधिकतम तापमान में करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।

फरीदाबाद और नूंह सबसे गर्म

मौसम के तापमान की बात करें तो फरीदाबाद और नूंह में दिन का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंचकूला में रात का तापमान सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

सुबह के वक्त वातावरण में नमी बनी रहने के कारण हिसार और राजस्थान की सीमा से लगे कुछ इलाकों में हल्की धुंध भी दिखाई दी।

हरियाणा में सामान्य से 22 फीसदी कम बारिश

इस मानसून सीजन में हरियाणा को अब तक सामान्य बारिश नहीं मिल सकी है। जून से अब तक प्रदेश में 317 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 408 मिलीमीटर है। इस हिसाब से प्रदेश में बारिश 22 प्रतिशत कम रही है।

12 जिलों में सामान्य बारिश, 9 में कमी

बारिश के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 12 जिलों में मानसूनी बारिश सामान्य स्तर के आसपास रही है। वहीं 9 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई। सिर्फ एक जिले में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है।

सितंबर में भी बारिश का वितरण असमान रहा। पंचकूला और पलवल को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है। अब मानसून की वापसी की परिस्थितियां बनने के साथ ही प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने का दौर शुरू होने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m