हिसार। हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन और रात के तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल रही है। इस बीच 28 सितंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी जिलों में 30 सितंबर तक हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, अन्य इलाकों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं।

दक्षिण-पूर्वी हवाओं से बदला मौसम का मिजाज

मौसम में आए बदलाव के पीछे राजस्थान में बने प्रति चक्रवातीय परिसंचरण का कमजोर होना और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली का प्रभाव बताया जा रहा है। इसके चलते प्रदेश में पहले चल रही पश्चिमी शुष्क हवाओं की जगह दक्षिण-पूर्वी दिशा से नमी वाली हवाएं पहुंच रही हैं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और मौसम में ठंडक महसूस होने लगी है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, मानसून की वापसी की रेखा इस समय गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और डीसा सहित कई क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। वहीं, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना गहरा अवदाब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। इसके साथ मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ा टर्फ भी सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है।

26 सितंबर तक बादलों की आवाजाही, उत्तरी जिलों में बूंदाबांदी

प्रदेश में 25 सितंबर की रात से सक्रिय हुए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 और 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान हरियाणा के उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, इस अवधि में प्रदेश के सभी इलाकों में बारिश की संभावना नहीं है।

28 सितंबर से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम में एक बार फिर बदलाव 28 सितंबर से देखने को मिल सकता है। इस दिन नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 28 से 30 सितंबर तक हरियाणा के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, बाकी क्षेत्रों और एनसीआर-दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होने के आसार हैं।

बारिश के साथ तापमान में भी आएगी गिरावट

आने वाले दिनों में मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के दिन और रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। फिलहाल प्रदेश में बादलों की आवाजाही और नमी वाली हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m