Haryana Weather Update : हिसार। हरियाणा में इन दिनों दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव प्रदेश में दिखाई दे सकता है। इसके चलते बादल छाने की स्थिति बनेगी और 28 से 30 सितंबर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान से लगते हरियाणा के जिलों में मौसम परिवर्तन का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और नारनौल में बारिश और बादल छाने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
अभी गर्मी का असर बरकरार
मौसम में बदलाव से पहले प्रदेश में गर्मी का असर बना हुआ है। राजस्थान के ऊपर बने प्रति-चक्रवातीय परिसंचरण और पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म हवाओं के कारण दिन का तापमान बढ़ रहा है। हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
महेंद्रगढ़ में प्रदेश का सबसे अधिक 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं हिसार के सादलपुर में रात का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश से पहले किसानों को सावधानी की सलाह
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को अगले 2 से 3 दिनों के दौरान खेतों में सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव को रोकने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश और बढ़ी हुई नमी के बीच कपास की फसल में सफेद मक्खी और गुलाबी सुंडी का प्रकोप बढ़ सकता है।
किसानों को मौसम साफ होने के बाद ही कीटनाशकों का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। धान की फसल में तना छेदक और लीफ रोलर की लगातार निगरानी करने के साथ जरूरत से ज्यादा सिंचाई से बचने को कहा गया है।
गर्मी के बाद क्यों बदलेगा मौसम?
राजस्थान क्षेत्र में बने प्रति-चक्रवातीय परिसंचरण के कारण फिलहाल हवाओं का रुख पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से हो गया है। गर्म और शुष्क हवाओं के कारण दिन में तेज धूप पड़ रही है और तापमान बढ़ रहा है।
वहीं मानसून की वापसी के साथ वातावरण में नमी कम होने और आसमान साफ रहने से रात के समय जमीन की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है। इस प्रक्रिया को रेडिएटिव कूलिंग कहा जाता है। यही वजह है कि दिन गर्म रहने के बावजूद रात के तापमान में गिरावट महसूस हो रही है।
आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल और बारिश की स्थिति बनने पर तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



