Haryana Weather Update : हरियाणा में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के आसार हैं। बुधवार से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
कई दिनों से बारिश कम होने के कारण प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी बढ़ गई है। हिसार में तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अब मानसून के दोबारा सक्रिय होने से तापमान में राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में बुधवार को तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरी और दक्षिणी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 सितंबर के बाद मानसून की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
बारिश होने से दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है, हालांकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
सामान्य से 22 प्रतिशत कम हुई बारिश
इस मानसून सीजन में हरियाणा में अब तक सामान्य से 22 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में अभी तक 357.4 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है, जबकि अब तक 279.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।
कुछ जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा भी हुई है। भिवानी में सामान्य से 5 प्रतिशत अधिक, कुरुक्षेत्र में 2 प्रतिशत और पलवल में 22 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। गुरुग्राम में बारिश सामान्य स्तर के आसपास रही है। बाकी जिलों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है।
फिलहाल पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला के लोगों को तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह है। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी बारिश बढ़ सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



