हरियाणा के 'अंतरिक्ष से नागरिक सेवा' मॉडल को नीदरलैंड्स में वैश्विक स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। यह तकनीक राज्य के 15 लाख से अधिक किसानों और डिजिटल गवर्नेंस के लिए बेहद मददगार साबित हो रही है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की तकनीकी सोच को अब वैश्विक मंच पर बड़ी पहचान मिली है। किसानों, पर्यावरण और बेहतर गवर्नेंस के लिए विकसित की गई अत्याधुनिक तकनीक ने प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है। नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में आयोजित जियोस्पेशियल वर्ल्ड फोरम 2026 में हरियाणा को प्रतिष्ठित जियोस्पेशियल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (HARSAC) द्वारा विकसित ‘अंतरिक्ष से नागरिक सेवा’ की अवधारणा पर आधारित यूनिफाइड जियो इनेबल्ड सिस्टम के लिए दिया गया है।

Nayab Singh Saini ने इस उपलब्धि पर हरसैक की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे हरियाणा के लिए गर्व का क्षण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में किसानों की मदद, फसल अवशेष प्रबंधन और डिजिटल गवर्नेंस के लिए विकसित की गई तकनीक किसानों के साथ-साथ प्रशासन और आमजन के लिए भी बेहद उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में लगातार नए कदम बढ़ा रहा है।

हरसैक के निदेशक Dr. Sultan Singh ने बताया कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और जन-केंद्रित नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ‘अंतरिक्ष से नागरिक सेवा’ मॉडल कृषि, भूमि संसाधनों और संबंधित क्षेत्रों में रियल टाइम निगरानी, पारदर्शी शासन और वैज्ञानिक योजना निर्माण को सक्षम बना रहा है। यह प्रणाली हर फसल सीजन में प्रदेश के 15 लाख से अधिक किसानों को सहायता प्रदान कर रही है और 1 करोड़ से ज्यादा खेतों पर काम कर रही है।
हरसैक का यह एडवांस जियोस्पेशियल प्लेटफॉर्म फसल निगरानी, उत्पादन आकलन, जल संसाधन प्रबंधन, भूमि उपयोग योजना, फसल बीमा विश्लेषण, फसल स्वास्थ्य निगरानी और फसल अवशेष प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में बड़ी भूमिका निभा रहा है। इसके साथ ही उपग्रह चित्रों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ड्रोन आधारित सर्वेक्षण के जरिए जल स्रोतों, परिवहन नेटवर्क और पंचायत परिसंपत्तियों की निगरानी भी की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल ने हरियाणा के इस मॉडल को खाद्य सुरक्षा, पर्यावरणीय सततता और जलवायु अनुकूलन के लिहाज से बेहद प्रभावी माना है। इस सम्मान के बाद हरियाणा को कृषि और तकनीक आधारित गवर्नेंस के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी राज्यों में गिना जा रहा है।