हरियाणा के युवाओं के लिए विदेश में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है, जहां जापान का फुकुओका क्षेत्र अगले पांच वर्षों में राज्य के 50 हजार तकनीकी प्रोफेशनल्स को रोजगार और इंटर्नशिप प्रदान करेगा।

चंडीगढ़। विदेश में बेहतर नौकरी और करियर बनाने का सपना देख रहे हरियाणा के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जापान के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र फुकुओका ने हरियाणा सरकार से बड़ी संख्या में तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की मांग की है। यदि यह योजना तय समय पर आगे बढ़ती है तो आने वाले पांच वर्षों में हजारों युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिलेगा।

दरअसल, जापान के फुकुओका प्रीफेक्चर में सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल, आईटी और अन्य मैन्युफैक्चरिंग उद्योगों की करीब 80 प्रतिशत कंपनियां इस समय कुशल तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रही हैं। इसी कमी को पूरा करने के लिए फुकुओका प्रशासन ने हरियाणा सरकार से सहयोग मांगा है, ताकि यहां के युवाओं को जापानी उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में सोमवार को आयोजित ‘हरियाणा-फुकुओका कनेक्ट-2026’ की उच्चस्तरीय बैठक में दोनों पक्षों के बीच औद्योगिक निवेश, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और मानव संसाधन विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी कि अगले पांच वर्षों में हरियाणा के 50 हजार युवाओं को जापान में रोजगार, इंटर्नशिप और स्किल डेवलपमेंट के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संयुक्त रूप से काम किया जाएगा।

विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार जापानी कंपनियों के लिए विशेष औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित कर रही है। निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित मंजूरी और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जापान यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच सहयोग को नई गति मिली है और यह साझेदारी विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को भी मजबूती देगी।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि फुकुओका के साथ सहयोग को संस्थागत रूप देने के लिए ‘हरियाणा सकुरा वर्किंग ग्रुप’ का गठन किया गया है। साथ ही जापानी कंपनियों की सहायता के लिए समर्पित हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं को जापान की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में जापानी भाषा तथा अन्य तकनीकी प्रशिक्षण के विशेष कोर्स शुरू किए जाएंगे।

बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि गुरुग्राम में फुकुओका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का परिसर स्थापित किया जाए, जिससे हरियाणा और एनसीआर के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय तकनीकी शिक्षा और शोध के अवसर मिल सकें। इसके अलावा दोनों पक्षों ने विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त अनुसंधान, छात्र एवं फैकल्टी एक्सचेंज, तकनीकी शिक्षा और उद्योग-शिक्षा सहयोग को भी मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

हरियाणा सरकार का मानना है कि यह पहल केवल रोजगार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर की तकनीकी शिक्षा, आधुनिक कौशल और अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। यदि यह योजना सफल होती है तो हरियाणा के हजारों युवाओं के लिए जापान में करियर बनाने का एक नया अध्याय शुरू हो सकता है।