करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा मंगलवार से पूरी तरह बैरियर-फ्री हो जाएगा। इसके साथ ही यह हरियाणा का पहला टोल प्लाजा बन जाएगा, जहां मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) प्रणाली लागू की जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर लगे सभी टोल बूथ और बूम बैरियर हटा दिए जाएंगे।
बिना रुके गुजरेंगे वाहन, फास्टैग से कटेगा टोल
नई तकनीक के तहत वाहन चालकों को टोल चुकाने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा। वाहन सामान्य गति से टोल क्षेत्र पार करेंगे और फास्टैग के माध्यम से स्वतः टोल शुल्क कट जाएगा। इससे यात्रा का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
अत्याधुनिक तकनीक से होगी निगरानी
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार एमएलएफएफ प्रणाली के तहत सड़क के ऊपर विशेष गैंट्री स्थापित की गई हैं। इनमें एडवांस ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे, RFID रीडर, LiDAR सेंसर और एक्सल डिटेक्टर लगाए गए हैं।ये उपकरण वाहनों की नंबर प्लेट पढ़कर उनकी पहचान करेंगे और फास्टैग के जरिए स्वचालित रूप से टोल शुल्क वसूलेंगे।
टोल वसूली होगी पूरी तरह डिजिटल
एनएचएआई के अधिकारी प्रदीप मलिक ने बताया कि नई प्रणाली से टोल संग्रहण पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगा। इससे टोल संचालन में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और राजस्व संग्रहण अधिक प्रभावी बनेगा।
इन बातों का रखना होगा विशेष ध्यान
0 नई व्यवस्था में किसी प्रकार का आई-कार्ड मान्य नहीं होगा।
0 केवल केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित श्रेणियों के वाहन, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, रक्षा सेवाओं और अन्य अधिकृत वाहनों को ही टोल छूट मिलेगी।
0 मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सीमित संख्या में वाहनों पर ही छूट का लाभ मिलेगा।
0 नंबर प्लेट से छेड़छाड़, नकली नंबर प्लेट या बिना नंबर प्लेट के गुजरने वाले वाहनों की पहचान कैमरे करेंगे।
0 नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आरटीओ और पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
जाम और प्रदूषण से मिलेगी राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि एमएलएफएफ प्रणाली लागू होने से टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें समाप्त होंगी। इससे न केवल सफर आसान होगा, बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण में भी कमी आएगी। बसताड़ा टोल प्लाजा पर यह प्रयोग सफल होने के बाद भविष्य में अन्य टोल प्लाजा पर भी इस प्रणाली को लागू किया जा सकता है।

