हाथरस में स्टेज पर बदसलूकी झेलने वाली हरियाणवी डांसर ने पुलिस को 15 जून तक का अल्टीमेटम दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश के हाथरस में स्टेज शो के दौरान हरियाणवी डांसर के साथ कथित बदसलूकी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद डांसर ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि पुलिस ने अभी तक उस युवक को गिरफ्तार नहीं किया, जिसने मंच पर उनके साथ कथित छेड़छाड़ की थी।
डांसर ने बताया कि हाथरस पुलिस ने उन्हें 11 जून को दोबारा थाने बुलाया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वह 15 जून तक इंतजार करेंगी। यदि तब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगी। डांसर ने साफ कहा कि उनके लिए सम्मान सबसे पहले है और जहां इज्जत नहीं मिलेगी, वहां वह परफॉर्मेंस नहीं करेंगी।
डांसर ने बताया कि 3 जून को वह हाथरस में एक जन्मदिन समारोह में प्रस्तुति देने पहुंची थीं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान एक युवक मंच पर चढ़ आया और उनके साथ अभद्रता करते हुए गलत तरीके से छूने की कोशिश की। इसके बाद डांसर ने मंच पर ही युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति की गिरफ्तारी का दावा किया गया है, उसका विवाद से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि वह आयोजन समिति से जुड़ा व्यक्ति है। डांसर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह गृह मंत्री, राष्ट्रीय महिला आयोग और अन्य संस्थाओं तक भी अपनी शिकायत लेकर जाएंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गलत वीडियो और अफवाह फैलाने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कलाकार होने का मतलब यह नहीं कि कोई मंच पर आकर उनके सम्मान से खिलवाड़ करे।

