हरियाणा डेस्क। उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वीडियो में हरियाणा नंबर की कार में सवार युवक-युवतियां और पुलिसकर्मी सड़क पर आमने-सामने नजर आ रहे हैं। बहस इतनी बढ़ जाती है कि मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो जाती है और पूरा घटनाक्रम हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल जाता है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस ने HR नंबर की एक स्विफ्ट कार को बीच सड़क पर रोक रखा है। कार में सवार दो युवतियां और एक युवक पुलिसकर्मियों से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों की आवाजें भी सुनाई देती हैं, जो दावा कर रहे हैं कि कार सवार युवक-युवतियां तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे और कथित तौर पर कार के अंदर अनुचित स्थिति में बैठे थे। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में एक पुलिसकर्मी काफी गुस्से में दिखाई देता है। बहस के दौरान वह कथित तौर पर गाली देते हुए एक युवती को धक्का मारता नजर आता है। इसके बाद माहौल और गर्म हो जाता है। साथ मौजूद युवक पुलिसकर्मी पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाता है कि युवती को हाथ कैसे लगाया गया। कुछ क्षणों के लिए वहां हाथापाई जैसी स्थिति बनती दिखाई देती है, हालांकि युवतियां बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश करती हैं।
विवाद के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से भी तीखी प्रतिक्रियाएं सुनाई देती हैं। वीडियो में कुछ लोग कार सवारों पर बदतमीजी करने का आरोप लगाते हुए नजर आते हैं, जबकि दूसरी तरफ युवतियां पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाती हैं। उनका कहना है कि बिना किसी महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी के उनके साथ सख्ती बरती गई और विरोध करने पर धक्का-मुक्की की गई।
फिलहाल यह वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में यह विवाद शुरू हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। न ही कार सवार युवक-युवतियों की पहचान सार्वजनिक हुई है। इस मामले में अभी तक उत्तराखंड पुलिस का आधिकारिक पक्ष भी सामने नहीं आया है। वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

