अंबाला। जलबेड़ा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार तीन चेचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक कैंटर के पहियों के नीचे आ गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की टांगों में कई फ्रैक्चर आए हैं, जबकि सिर पर भी गंभीर चोटें लगी हैं।

घायलों की पहचान रत्नगढ़ निवासी हर्ष, आर्यन और मनप्रीत के रूप में हुई है। आर्यन और मनप्रीत सगे भाई हैं। राहगीरों ने तुरंत तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ सेक्टर-32 रेफर कर दिया गया।

टक्कर मारकर फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:50 बजे तीनों युवक बाइक पर सवार होकर तेजा मोहड़ी क्षेत्र से अंबाला शहर स्थित हंगरी हब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद कैंटर तीनों युवकों की टांगों पर चढ़ गया, जिससे उनकी हड्डियां बुरी तरह टूट गईं। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक करीब तीन किलोमीटर दूर कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।