भुवनेश्वर: चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के कारण दक्षिण ओडिशा के जिलों में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से सड़कें और संपर्क व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई हैं। इस विकट स्थिति के बीच ओडिशा लोक सेवा आयोग (OPSC) की मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। परीक्षा की तारीख को आगे बढ़ाने और परीक्षा स्थगित करने की मांग को लेकर कोरापुट के सांसद सप्तगिरी उलाका ने OPSC के अध्यक्ष अरुण कुमार षड़ंगी को पत्र लिखा है।
सांसद सप्तगिरी उलाका ने OPSC अध्यक्ष को पत्र लिखकर आगामी 31 अक्टूबर को जयपुर (कोरापुट) में आयोजित होने वाली OPSC मुख्य परीक्षा की तारीख बदलने का आग्रह किया है। सांसद के अनुसार, चक्रवात ‘अर्णव’ के प्रभाव से अविभाजित कोरापुट जिले के विभिन्न हिस्सों में व्यापक नुकसान हुआ है। विशेष रूप से कोरापुट, रायगड़ा, मालकानगिरी और नवरंगपुर जिलों में मुख्य मार्ग और परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
सड़क नेटवर्क ठप होने और सार्वजनिक परिवहन बंद रहने के कारण दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों के परीक्षार्थियों के लिए 31 अक्टूबर तक परीक्षा केंद्र जयपुर पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण और लगभग असंभव हो गया है।

सांसद ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यदि वर्तमान गंभीर स्थिति में परीक्षा आयोजित की जाती है, तो सैकड़ों मेधावी छात्र परीक्षा में बैठने से वंचित रह जाएंगे। बुनियादी सुविधाओं के अभाव और परिवहन ठप होने से परीक्षार्थियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है। अतः व्यापक जनहित और अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस परीक्षा की तारीख को आगे पुननिर्धारित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
गौरतलब है कि चक्रवात ‘अर्णव’ की विभीषिका और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए राज्य प्रशासन और OPSC द्वारा पहले भी दो परीक्षाओं की तिथियों को स्थगित किया जा चुका है। अब जयपुर केंद्र पर होने वाली परीक्षा को लेकर भी छात्रों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा परीक्षा स्थगित करने की पुरजोर मांग उठ रही है। OPSC की ओर से इस संबंध में आधिकारिक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

