हजारीबाग। हजारीबाग के बड़कागांव में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कोयलंग बांकपांजा टोला के पास हुई कार्रवाई में पुलिस ने उसके पास से 9MM पिस्टल, छह गोलियां, KSS लिखा दो पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक का संबंध प्रिंस खान गैंग से होने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के तलवार गांव निवासी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई है।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक पर पुलिस की नजर
हजारीबाग एसपी के निर्देश पर बड़कागांव इलाके में वाहनों की एंटी क्राइम चेकिंग की जा रही थी। बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में चल रही जांच के दौरान पुलिस को संदीप मेहता की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो हथियार और कारतूस के साथ दो पर्चे और मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पर्चों ने बढ़ाई जांच की दिशा
हथियार के साथ KSS लिखे पर्चे मिलने के बाद पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इनका संबंध किन गतिविधियों से है। पुलिस बरामद सामग्री के आधार पर आरोपी की भूमिका और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
मामले में बड़कागांव थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
गैंग के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब संदीप मेहता के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और कथित गैंग नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद पिस्टल और कारतूस आरोपी तक कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना है।



