यमुनानगर। सेक्टर 17 में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक शातिर ठग ने गैस एजेंसी का कर्मचारी बनकर बुजुर्ग दंपती को अपना शिकार बनाने की कोशिश की. ठग ने घर में घुसकर बीमार पति को ठीक करने का झांसा दिया. लेकिन महिला की सूझबूझ और हिम्मत से उसकी पूरी योजना धरी की धरी रह गई.
गैस कर्मचारी बनकर घर में घुसा
पीड़ित महिला दर्शनी देवी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति पूर्ण चंद के साथ घर में अकेली रहती हैं. उनके 3 बेटे अलग-अलग जगहों पर रहते हैं. दोपहर 12 बजे के आसपास एक अनजान व्यक्ति ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया. उसने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया. महिला ने उस पर भरोसा कर लिया और उसे घर के अंदर बुला लिया.
बीमारी ठीक करने के नाम पर ठगी
घर के अंदर आकर वह व्यक्ति महिला के बीमार पति के पास बेडरूम में बैठ गया. जब उसे पता चला कि पति को लकवा मार गया है तो उसने एक झूठा दावा किया. उसने कहा कि वह इस बीमारी को ठीक कर सकता है. इसके लिए उसने 2 तोले की सोने की चेन और सोने की नथ मांग ली. उसने कहा कि इन गहनों को गर्म पानी में डालकर वह पानी पिलाना पड़ेगा. महिला जैसे ही रसोई में पानी गरम करने गई, ठग ने बुजुर्ग को कोई चीज खिला दी जिससे वे बेहोश हो गए.
महिला की बहादुरी से भाग निकला ठग
रसोई से बाहर आते ही महिला ने देखा कि उनके पति बेहोश पड़े हैं और ठग गहनों का थैला लेकर भाग रहा है. महिला ने तुरंत साहस दिखाया और उसके पीछे भागकर दरवाजे पर ही गहनों का थैला छीन लिया. गली में काम कर रहे मजदूरों को देखकर ठग घबरा गया और अपनी दोपहिया गाड़ी मौके पर ही छोड़कर पैदल भाग गया. पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और पीड़ित बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


